बाराबंकी। जिले में मौसमी बीमारियों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। रविवार को 60 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले में 1786 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 426 मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मिले। गंभीर हालत में एक मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मेले में 738 पुरुष, 694 महिलाएं और 354 बच्चे पहुंचे। त्वचा रोग के 268, पेट दर्द के 153, सांस संबंधी रोग के 150, डायबिटीज के 97, हाइपरटेंशन के 47, खून की कमी के 17, नेत्र रोग के 16 और लीवर संबंधी बीमारी के आठ मरीजों का इलाज किया गया। वहीं, संदिग्ध टीबी के तीन मरीज भी मिले।
इस दौरान सात लोगों की हेपेटाइटिस बी, सात की हेपेटाइटिस सी, 105 की मलेरिया और 11 लोगों की डेंगू जांच कराई गई। इनमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला। सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 87 चिकित्सकों और 208 स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई थी।
मौसम बदलाव से बच्चों में बढ़ीं बीमारियां
कोटवाधाम। कोटवाधाम और खजुरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कोटवाधाम पीएचसी पर 16 मरीज पहुंचे, जिनमें करीब 10 बच्चे शामिल थे। बच्चों को बुखार, दस्त और आंखों से संबंधित परेशानी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें दवाएं दीं।
396 मरीजों को मिला इलाज
रामसनेहीघाट। कोटवा सड़क, भीखरपुर, सिल्हौर और पटकनपुरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में 396 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें सर्दी, जुकाम, बुखार और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। कोटवा सड़क निवासी जगनारायण पाठक, राजकुमार और महेश गुप्ता ने बताया कि वे कई दिनों से बुखार से परेशान थे। मेले में चिकित्सक को दिखाने के बाद उन्हें दवाएं मिलीं।