शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर खड़ी एक कार का शीशा तोड़ बदमाश नकदी से भरा बैग ले उड़े। पीड़ित ने शीशा टूटा देखा तो मामले की जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की फोटो बाइक समेत कैद हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु की। कोतवाल नकदी के बजाए सिर्फ कागजात चोरी की बात कह रहे हैं।
टप्पेबाजों का शहर पर राज जारी है। वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती देना अब उनका शगल है। ताजा मामला शुक्रवार को फिर देखने को मिला। शहर कोतवाली क्षेत्र के लखपेड़ाबाग निवासी आफाक शेखू शुक्रवार को कोतवाली के निकट अपनी दुकान के पास कार खड़ी कर नमाज पढ़ने चला गया। वापस आकर देखा तो उसकी कार का शीशा टूटा था। पीड़ित ने बताया कार के पिछली सीट पर रखे बैग में उसके 42 हजार रुपये और कागजात रखे थे।
वारदात की जानकारी पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को दी। चंद कदम की दूरी पर हुई वारदात से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरु कर दी। पीड़ित की दुकान और एक मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो बाइक समेत बदमाशों की फुटेज मिली है। लेकिन पुलिस नकदी के बजाए सिर्फ कागजात चोरी की बात कह मामले को दबा रही है। इस संबंध में कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। कार का शीशा तोड़कर बदमाश जो बैग ले गए उसमें सिर्फ कागजात होने की बात सामने आ रही है।