सड़क के गड्ढे में बाइक पलटी, युवक की मौत
बाराबंकी। सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में फंसकर एक बाइक पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उसके दो भाई घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक मोहम्मदपुर क्षेत्र के ग्राम टाड़पुर मजरे बसारी छेदा निवासी रंजीत (35) पुत्र राम नरेश अपने भाई ननकू व चचेरे भाई आदित्य के साथ बाइक से बुधवार शाम टाइल्स का काम कर हलबलपुर से घर लौट रहा था। सूरतगंज-झंझरा मार्ग पर एंडौरा पुल के निकट सड़क के किनारे टेलीफोन तार डालने के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसकर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी सूरतगंज सुरेश चन्द्र ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने रंजीत को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का उपचार चल रहा है। चौकी प्रभारी ने बताया कि हादसे के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।