किसानों ने केरल बाढ़ पीड़ितों
को भेजा 1.93 लाख का ड्राफ्ट
क्रासर
- जल्दी ही कपड़ों को करेंगे पार्सल
फोटो-53
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भाकियू द्वारा एकत्र किए गए राशन को बेच कर उसका ड्राफ्ट गुरुवार को जिलाधिकारी को सौंप दिया गया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि कपड़ों का संग्रह कार्य पूरा होते ही पार्सल भेज दिया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह व जिला अध्यक्ष अनिल वर्मा ने केरल में आई आपदा से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राशन जुटाने का कार्य शुरु कराया था। किसानों को 350 क्विंटल राशन एकत्र कर जिला प्रशासन से केरल भेजवाने की मांग की थी। जिलाधिकारी ने इस राशन को बेंच कर जो पैसा बने उसका ड्राफ्ट मुख्यमंत्री राहत कोष के नाम बनाकर भेजने को कहा था। राशन बेंचने के बाद किसानों ने जुटाए 1 लाख 93 हजार रुपये का ड्राफ्ट बनवाकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक बीपी श्रीवास्तव की उपस्थित में जिलाधिकारी उदयभानु त्रिपाठी को सौंप दिया। इस मौके पर भाकियू के प्रांतीय महासचिव मुकेश सिंह ने कहा कि पीड़ितों की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। यह आपदा किसी भी समय और कहीं पर भी आ सकती है। किसान किसी को भूखा रहते नहीं देख सकते हैं, जहां भी जरूरत पड़ेगी किसान हर संभव मदद में बढ़चढ़ कर आगे आएंगे। जल्द ही कपड़ों को पार्सल कराने की बात किसानों ने कही। इस मौके अनुपम वर्मा, सतीश वर्मा, राम सेवक रावत, रामानंद, डॉ राम सजीवन, अमर सिंह, प्रमोद कुमार आदि किसान मौजूद रहे।