सियालदह एक्सप्रेस का इंजन फेल, डेढ़ घंटे खड़ी रही ट्रेन
- मालगाड़ी का इंजन जोड़कर किया गया रवाना
- कोहरे से प्रभावित हो रहा रेल यातायात, एक दर्जन ट्रेनें लेट
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। घने कोहरे के चलते पहले ही लेट चल रही सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार को जब बाराबंकी रेलवे स्टेशन पहुंची तो उसका इंजन फेल हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन खड़ी रहने के बाद मालगाड़ी का इंजन जोड़कर उसे आगे भेजा जा सका। वहीं करीब एक दर्जन अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से घंटों लेट चल रही हैं।
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे रेलवे स्टेशन पहुंची 3151 सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन का अचानक इंजन फेल हो गया। इंजन काम न करने पर चालक ने इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी ट्रेन का इंजन सियालदह एक्सप्रेस में जोड़ने के बाद उसे करीब 11.30 बजे रवाना किया जा सका। डेढ़ घंटे तक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन खड़ी रहने से इसमें सवार यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विलंब से चल रहीं एक दर्जन ट्रेन
सर्दी में कोहरे से रेल यातायात पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन की समय सारिणी के मुताबिक शनिवार को भी कोचीन एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, गंगा-सतलज एक्सप्रेस, ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, राप्ती-सागर एक्सप्रेस, फैजाबाद पैसेंजर, किसान एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस आदि ट्रेनें अपने निर्धारित समय से चार से पांच घंटे लेट होकर आ रही हैं। ट्रेनें लेट होने से यात्री रेलवे स्टेशन पर ही ठंडक के बीच बैठकर समय गुजारने को मजबूर हैं।