सचिव नहीं कर रहे अपात्रों से रिकवरी
बाराबंकी।सिद्धौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कादिरपुर में ग्रामीणों ने बीडीओ से करीब 6 माह पूर्व अपात्रों को इंदिरा आवास का लाभ देने की शिकायत की थी। जांच में मामला सही पाए जाने पर पांच लोगों के खिलाफ पंचायत सचिव को रिकवरी कराने का आदेश दिया था, परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कादिरपुर निवासी नाजनी पत्नी हाफिज, आबिदा पत्नी शकील, नाजमा पत्नी साजिद, हसीना पत्नी रसीद को 2016 में ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव द्वारा इंदिरा आवास का लाभ दिया गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बीडीओ से लेकर उच्च अधिकारियों तक की थी।
जांच में मामला सही पाया गया। जिस पर बीडीओ विजयंत सिंह ने लगभग 6 माह पूर्व पंचायत सचिव अखिलेश दुबे को रिकवरी कराने का आदेश दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बीडीओ सिद्धौर राकेश प्रसाद का कहना है कि यह प्रकरण मेरे कार्यकाल से पहले का है। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है रिकवरी अभी तक क्यों नहीं हुई, इसकी जांच कराई जाएगी। ब्यूरो