ग्रामीण क्षेत्र में ब्यूटीशियन व सिलाई का प्रशिक्षण केंद्र खोलने और उसमें नौकरी का झांसा देकर एक जालसाज ने 40 महिलाओं से हजारों रुपये ठग लिए। जालसाज द्वारा दिए समय पर केंद्र नहीं खुलने और उसका मोबाइल बंद होने पर महिलाओं को ठगी की जानकारी हुई। परेशान महिलाओं ने बुधवार को कोठी पुलिस को तहरीर दी है।
कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम सराय मोहिउद्दीनपुर व कौरहापुरवा में 40 महिलाओं को एक जालसाल ने नौकरी और प्रशिक्षण के नाम पर ठग लिया। ग्राम सराय मोहिउद्दीनपुर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि 10 सितंबर को एक व्यक्ति गांव आया। उसने अपना नाम अभय सिंह चौहान बताया। कहा कि सरकार गांव में नवजीवन महिला प्रशिक्षण संस्थान और महिला सौंदर्य प्रशिक्षण केंद्र खोलना चाह रही है।
केंद्र पर एक महिला को सात हजार के मानदेय पर नौकरी भी दी जाएगी। संस्थान से जुड़ने वाली महिलाओं को छूट पर बिजली से चलने वाली सिलाई मशीन दिलाई जाएगी, जो एक सप्ताह में उन्हें उपलब्ध करा दी जाएगी। झांसे में आए ग्रामीणों ने बिजली चालित मशीन के लिए 15 सौ रुपये जमा कर दिए। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन के नाम पर भी दो सौ रुपये प्रति फार्म लिए।
इस गांव में पूनम देवी, किस्मता देवी, कांती देवी, मंजू देवी, रामावती व गीता सहित 25 महिलाओं ने फार्म जमा कर सिलाई मशीन के पैसे दिए। इसके बाद जालसाल कौरहापुरवा गाव पहुंचा। यहां पर उसने दयाराम से मुलाकात की और उसे भी यही झांसा दिया। झांसे में आए दयाराम ने गांव की शिवानी, अल्का, राधा, गीता, रेशमा, प्रीती, शकुंतला व अनीता सहित 15 महिलाओं से पैसे दिलावाए।
जालसाज ने सबसे कहा कि एक सप्ताह में केंद्र शुरू हो जाएगा। लेकिन जब एक सप्ताह का समय बीत गया और केंद्र नहीं खुला तो लोगों को शक हुआ। ग्रामीणों ने जालसाज के दिए मोबाइल नंबर पर फोन किया लेकिन वह बंद मिला तो ग्रामीणों को ठगी होने की जानकारी हुई। बुधवार को कुलदीप कुमार, दयाराम किस्मता देवी, कांती देवी, मंजू देवी, रामावती आदि कोठी थाना पहुंच कर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।