बाराबंकी। लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में स्नातक मतदाताओं की तुलना में शिक्षकों ने अधिक उत्साह दिखाया। शुक्रवार को 72 मतदान स्थलों पर हुए स्नातक में 40.09 प्रतिशत जबकि शिक्षक में 56.74 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान प्रतिशत में 16.32 प्रतिशत का अंतर रहा। एक-दो स्थानों को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा की निगरानी के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी दिनभर सक्रिय रहे।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के साथ देवा और फतेहपुर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी और निंदूरा के केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं परखीं। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, कार्मिकों की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह और सभी उपजिलाधिकारी भी अलग-अलग क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा के इंजीनियर अवनीश सिंह और सपा की कांति सिंह के बीच माना जा रहा है। मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए आभार जताया।
बॉक्स : शिक्षक मतदाताओं की भागीदारी अधिक
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान प्रतिशत में स्पष्ट अंतर रहा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जहां 40.09 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले, वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का आंकड़ा 56.74 प्रतिशत पहुंचा। इस तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक की अपेक्षा 16.32 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।