हैदरगढ़/दरियाबाद (बाराबंकी)। हैदरगढ़ क्षेत्र में पलिया गांव के पास तार टूटने से 40 गांवों की बिजली रातभर गुल रही। वहीं दरियाबाद में मुख्य लाइन में खराबी आने से बृहस्पतिवार सुबह तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे बीआरसी दरियाबाद, डाकघर पर आधार कार्ड बनाने का काम ठप रहा।
सुबेहा सब स्टेशन से जुड़े पलिया फीडर की लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से पलिया गांव के पास बुधवार रात करीब सात बजे बिजली का तार टूट गया, जिससे मरुई, पलिया, रुकनुद्दीनपुर, मोहम्मदपुर, थानपुर, सहापुर समेत 40 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने रात में ही पावर काॅर्पोरेशन के कर्मचारियों को सूचना दी, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। इससे करीब 60 हजार आबादी को रात बिना बिजली काटनी पड़ी। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। बृहस्पतिवार सुबह पानी की भी दिक्कत हुई। सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
दरियाबाद में बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे बिजली गुल हो गई। करीब डेढ़ घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। इससे हूंसेमऊ, मथुरानगर समेत करीब 70 गांवों की 50 हजार आबादी को परेशानी हुई। वहीं हरवंशपुर चौराहे पर रखा ट्रांसफाॅर्मर बुधवार की शाम फुंक गया। इससे मोहल्ले के 10 घरों की बिजली ठप हो गई। बृहस्पतिवार शाम तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया। जिससे बीआरसी दरियाबाद, डाकघर पर आधार कार्ड बनाने का काम ठप हो गया। कोतवाली दरियाबाद, कस्बा चौकी, नगर पंचायत, ब्लॉक मुख्यालय पर सारे काम ठप हो गए। इस दौरान क्षेत्र की डेढ़ लाख से अधिक आबादी प्रभावित रही। बिजली 12 बजे बहाल हो पाई। जेई अमन सिंह का कहना है कि मुख्य लाइन में खराबी आ गई थी। फाॅल्ट को दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।