सीएचसी में इलाज कराने आए अधेड़ की मौत
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। सीएचसी में उपचार कराने आए एक अधेड़ की अस्पताल परिसर में मौत हो गई। मृतक के बारे में जानकारी होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन परिवारीजनों द्वारा पोस्टमार्टम करवाने से मना करने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं किया।
कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के गोरपुर गांव निवासी राकेश रावत(42) पुत्र चन्द्रिका सोमवार को साइकिल से अपने लगभग पुत्र अतुल के साथ सीएचसी उपचार कराने के लिए आया था। बताया जा रहा है कि यहां पर वह दवा लेने के लिए अस्पताल परिसर में बैठा था तभी उसकी तबियत बिगड़ गई। इसकी सूचना मिलने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप तिवारी ने तत्काल उसे इमरजेंसी में ले जाने के लिए कहा लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र के मुताबिक वह अपने पिता की दवा लेने के लिए बैठा लेकिन अचानक उनकी सांस उखड़ने लगी जिसके बाद इसकी जानकारी डॉक्टर को दी लेकिन जब तक उसका उपचार किया जाता तब तक उसकी मौत हो गई। अधीक्षक डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि गेट के पास एक व्यक्ति के पड़ा होने की सूचना पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। कोतवाल श्याम सुंदर पांडेय ने बताया कि अस्पताल से अज्ञात शव होने का मेमो भेजा गया था जिसके बाद उसका पोस्टमार्टम कराने की तैयारी हो रही थी तभी उसके परिवारीजन आ गए और पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया तो शव को परिवारीजनों को सौंप दिया गया।