ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
सिरौली उधौली मार्ग पर महमदपुर स्थिति पीडब्ल्यूडी प्लांट के पास हादसा
फोटो- 39 पी
अमर उजाला ब्यूरो
सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र में महमदपुर गांव के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली बदोसरायं क्षेत्र के सहरी गांव निवासी मोहम्मद अहमद पुत्र अब्दुल रशीद (22) अपने गांव सहरी से बदोसरायं जा रहा था। वह सिरौली उधौली मार्ग पर महमदपुर स्थिति पीडब्ल्यूडी प्लांट पर पहुंचा ही था, कि पीछे से प्लांट पर गिट्टी गिराकर निकल रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय भेज दिया।