बाराबंकी। जिले में बृहस्पतिवार को अलग-अलग स्थानों पर लगी आग ने हड़कंप मचा दिया। कहीं जंगल जलकर राख हुआ तो कहीं किसानों की मेहनत आग की भेंट चढ़ गई। वहीं एक फ्लोर मिल के पीछे लगी आग से भी अफरातफरी का माहौल बन गया।
हरख ब्लॉक क्षेत्र के करीमाबाद मलौली गांव में अज्ञात कारणों से जंगल में आग लग गई। तेज हवा और सूखे पत्तों के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। करीब 15 बीघा क्षेत्र में फैले छोटे पेड़, झाड़ियां और सूखी वनस्पति जलकर राख हो गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और बिना किसी संसाधन के ही आग बुझाने में लग गए। ग्रामीणों ने बाल्टी, डंडों और हरी डालियों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन घने जंगल और रास्ता न होने के कारण अंदर तक नहीं जा सकी, जिससे पूरा दारोमदार ग्रामीणों पर ही रहा।
हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ से आग फैलने से रोक ली गई, लेकिन जंगल की हरियाली को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं।
उधर, देवा ब्लॉक की ग्राम सभा मुर्तजा नगर में भी आग ने किसानों को बड़ा झटका दिया। अज्ञात कारणों से गेहूं के खेतों में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। करीब 20 बीघा से अधिक तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।