असंद्रा (बाराबंकी)। पुलिस ने ओडिशा की महिला की शिकायत पर क्रिप्टो करेंसी एवं अमेरिकन डॉलर में निवेश के नाम पर ठगी के मामले में सेंजे पावर टेक्नाेलाॅजी के सीएमडी, मैनेजर समेत 20 अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध एक और रिपोर्ट दर्ज की है।
ओडिशा के जिला कंधमाई के मंदाकिया की बनिता नायक पत्नी थाबिर नायक ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि सेंजे पावर टेक्नाेलाॅजी प्राइवेट लिमिटेड के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई। टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से संपर्क होने पर असंद्रा पहुंची। आशीष कुमार सिंह सिसोदिया व उसकी टीम ने क्रिप्टो करेंसी और अमेरिकन डाॅलर में रुपये निवेश कर कई गुना लाभ होने का झांसा दिया। झांसे में आकर कंपनी एवं इससे जुड़े लोगों के खातों में 250 आईडी के लिए पांच लाख रुपये का निवेश किया। इसके बाद महिला के जानने वाले व्यक्तियों ने 350 आईडी के लिए 25 लाख रुपये का निवेश किया। इसके एवज में कंपनी की ओर 8.82 करोड़ रुपये वापस देने का वादा किया गया था।
कुछ समय बाद कंपनी की वेबसाइट को बार-बार बदला जाने लगा तो महिलाओं को जालसाजी की जानकारी हुई। कंपनी ने वैलेट से करेंसी गायब कर दी एवं वैलेट में आए डाॅलर को कैश होने से मना कर दिया गया। पुलिस ने असंद्रा के गांव पूरे दुनिया निवासी कंपनी के सीएमडी आशीष कुमार सिंह सिसोदिया, अंबेडकरनगर टांडा की मैनेजर अंजली पटेल, जगदीशपुर के संजय चतुर्वेदी, देवेंद्र सिंह, बड़ी जमौली गोमतीनगर के तिलक वर्मा, उमेश मौर्या, चंद्रकला गददाले, सीमा सिंह, गीता देवी, सरजू गुप्ता समेत कंपनी से जुड़े 20 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। इससे पहले रामसनेहीघाट में जालसाजी के मामले में मुकदमा दर्ज कर सीएमडी आशीष को जेल भेजा जा चुका है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।