दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जिलाधिकारी के द्वारा दिए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। चार ब्लॉकों में प्रधान के 287 पदों पर नामांकन होगा। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है।
दूसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार 19-20 नवंबर को होगी। 21-22 नवंबर को नामांकन पत्र की जांच होगी एवं 23 नवंबर को नाम वापसी व चिह्न आवंटन किया जाएगा। जिले के चार ब्लॉकों दरियाबाद, पूरेडलई, सिरौलीगौसपुर और बनीकोडर में चुनाव एक दिसंबर को प्रधान के 287 पदों के लिए मतदान होगा। इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।
पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने से जिला प्रशासन उत्साह से लबरेज है। लेकिन प्रशासन प्रधानी के चुनाव को हलके में नहीं ले रहा है क्योंकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।
इसको लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। साथ ही चेतावनी भी दी है कि इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए। पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी भी है। इसलिए इस प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से लिया जाए।
दरियाबाद में केपी होंगे आरओ
ब्लॉक दरियाबाद यहां ग्राम पंचायतों की संख्या 71 वार्ड सदस्यों की संख्या 889 है। यहां पर कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 24 हजार 771 है। इस ब्लॉक का आरओ जिला लेखा समपरीक्षक अधिकारी केपी मलिक को बनाया गया है।
बनीकोडर में 1.64 लाख मतदाता करेंगे वोट
ब्लॉक बनीकोडर यहां पर ग्राम पंचायतों की संख्या 92 है तथा वार्ड सदस्यों की संख्या 1160 है। यहां पर मतदाताओं की संख्या 1 लाख 63 हजार 696 है। यहां का आरओ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एचपी अंबेडकर को बनाया गया है।
पूरेडलई में वीरेंद्र बने आरओ
ब्लॉक पूरेडलई यहां पर ग्राम पंचायतों की संख्या 51 है तथा वार्ड सदस्यों की संख्या 633 है। यहां पर मतदाताओं की संख्या 97 हजार 457 है। यहां का आरओ अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड वीरेंद्र कुमार केे बनाया गया है।
सिरौलीगौसपुर में 73 ग्राम पंचायतों में होगा मतदान
ब्लॉक सिरौलीगौसपुर यहां पर ग्राम पंचायतों की संख्या 73 हैं तथा वार्ड सदस्यों की संख्या 891 है। यहां पर मतदाताओं की संख्या 1 लाख 30 हजार 214 है। यहां का आरओ जिला कृषि रक्षा अधिकारी लल्लन सिंह यादव को बनाया गया है।
दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है इसको लेकर संबंधित ब्लॉकों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
- योगेश्वर राम मिश्र, जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी