बाराबंकी। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में शनिवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधिविधान से 283 जोड़ों के फेरे कराए गए, वहीं पांच जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया।
जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में पूरे जिले के अलग-अलग ब्लॉकों से जोड़ों को बुलाया गया। इस मौके पर गायत्री परिवार की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वेदी पर अग्नि के सात फेरे कराए गए। इसी के साथ जयमाल, मंगलसूत्र पहनाने की रस्में भी संपन्न कराई गईं। वहीं मौलवी ने पांच जोड़ों का निकाह कराया। इसके बाद सांसद उपेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी समेत अन्य अतिथियों ने विभाग की ओर से मुहैया कराई जाने वाली सामग्री भेंट स्वरूप दी।
सांसद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब कन्याओं के लिए चिंतित रहती है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब कन्याओं का विवाह बिना किसी भेदभाव के हो रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि शासन की ओर से इस वर्ष के लिए आवंटित लक्ष्य की 99 प्रतिशत से अधिक की पूर्ति कर ली गई है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सूरतगंज लकी सिंह, बंकी की आशा यादव, निंदूरा के रामू गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष हैदरगढ़ आलोक तिवारी, डीडीओ भूषण कुमार व कई बीडीओ मौजूद रहे।