बाराबंकी। बेसिक शिक्षा परिषद ने कक्षा एक से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद के अनुसार परीक्षाएं 16 मार्च से 20 मार्च तक पांच दिनों में दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह मौखिक होगी, जबकि कक्षा छह से आठवीं तक के छात्रों की परीक्षा लिखित रूप में कराई जाएगी।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तक 1,75,571 और कक्षा छह से आठ तक 1,05,740 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह मौखिक कराई जाएगी। इसमें बच्चों की पढ़ने, सुनने और समझने की क्षमता का आकलन किया जाएगा। वहीं कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की परीक्षा विद्यालय स्तर पर निर्धारित प्रश्नपत्रों के आधार पर कराई जाएगी। इसके अलावा कक्षा छह से आठवीं तक के छात्रों की परीक्षा लिखित रूप में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रश्नपत्र परिषद की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद शीघ्र ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा, ताकि समय पर परिणाम घोषित किया जा सके। विद्यालयों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर लें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बीएसए नवीन कुमार पाठक ने बताया कि सभी विद्यालयों को परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान नकलविहीन और पारदर्शी व्यवस्था करने के लिए विद्यालय प्रशासन को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति के लिए शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए हैं।