बाराबंकी। इस वित्तीय वर्ष में 28 हजार ग्रामीणों को शौचालय मुहैया कराए जाएंगे। इसके लिए लक्ष्य तय कर दिया गया है जो पिछले वर्ष से करीब चार हजार कम है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए आवेदन व सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गत वर्ष शासन ने पंचायती राज विभाग को 32 हजार शौचालय का लक्ष्य दिया था जिसके सापेक्ष करीब 27 हजार लोगों को शौचालय मुहैया कराए गए थे। गत वर्ष का बकाया लक्ष्य मिलाकर इस बार कुल 28 हजार शौचालय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लक्ष्य की पूर्ति के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। अब तक 2100 आवेदन का सत्यापन कराकर उन्हें मंजूरी के लिए अग्रसारित कर दिया गया है। लक्ष्य के सापेक्ष सभी सचिवों को शौचालय के लाभार्थियों का चयन कर आवेदन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आवेदन प्राप्त होने के बाद सभी लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद लाभार्थियों को 12 हजार रुपये दो किस्तों में मुहैया कराए जाएंगे। सचिव द्वारा जियो टैगिंग के बाद ही दूसरी किस्त जारी की जाएगी।
सचिवों को किया गया है निर्देशित
शौचालय का लक्ष्य प्राप्त हो गया है जिसके सापेक्ष 2100 आवेदन स्वीकृत कर लिए गए हैं। लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए सचिवों को निर्देशित किया गया है।
-नितेश भोंडेले, डीपीआरओ