बाराबंकी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को मरीजों की भारी भीड़ रही। इस दौरान सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा रही। स्वास्थ्य मेले में कुल 2557 मरीज देखे गए जबकि 21 मरीज जिला अस्पताल रेफर किए गए। संदिग्ध पाए जाने पर 416 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। वहीं पात्र पाए गए 89 लोगों के आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 2557 मरीज देखे गए। मेले में 1098 महिलाएं, 916 पुरुष और 543 बच्चों को उपचार की सुविधा मिली। इनकी जांच कराकर मुफ्त दवाएं भी दी गईं। इस दौरान 21 मरीजों की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पीएचसी टिकैतगंज में दवा लेने आई मुन्नी देवी ने चिकित्सक को बताया कि पिछले एक सप्ताह से पेट में दर्द हो रहा है। इस पर चिकित्सक ने जांच कराई और दवाएं देते हुए कहा कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। गैस की दिक्कत है, दवाओं का नियमित सेवन करना और तीन दिन बाद आकर हाल बताना।
हरख पीएचसी पर दवा लेने आए रामकुमार ने बताया कि वह एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित है। निजी चिकित्सकों को दिखाया लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। इस पर चिकित्सक ने जांच कराई। रिपोर्ट देखने के बाद कहा कि वायरल का असर है। तीन दिन बाद जैसा हो, अस्पताल आकर हाल बताना।
ऐसे ही कई मरीज उपचार के लिए मेले में पहुंचे जिन्हें चिकित्सकों ने देखने के बाद दवाएं दीं। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि मेले में आने वाले मरीजों को असुविधा न हो, इसके लिए 126 डॉक्टर और 369 स्वास्थ्य कर्मी लगाए गए थे।