बाराबंकी। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को जिले के सभी राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में मिशन पहचान परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में विद्यालयों में नामांकित कक्षा छह से नौ के 24,480 में से 21,471 बच्चों ने हिस्सेदारी की। जो कुल पंजीकृत बच्चों का 87.71 फीसदी रही। अब मंगलवार को कक्षा नौ से इंटर तक के बच्चों की परीक्षा होंगी।
बच्चों की शैक्षिक क्षमता का मूल्यांकन कराने के लिए डीआईओएस ओपी त्रिपाठी की ओर से समय-समय पर मिशन परीक्षा का आयोजन किया जाता है। सोमवार को 38 राजकीय एवं 35 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में परीक्षा आयोजित कराई गई। इसमें बच्चों ने प्रश्न पत्र में पूछे गए सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर दिए। इसमें अशासकीय विद्यालयों में पंजीकृत 17,325 बच्चों में से 15,177 बच्चे शामिल हुए। वहीं राजकीय विद्यालयों के 7,155 में से 6,295 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। बच्चों द्वारा दिए गए जवाब का मूल्यांकन करने के बाद शिक्षकों की ओर से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद तहसील और जिला स्तर पर सर्वाधिक अंक पाने वाले बच्चों की परीक्षा होगी। परीक्षा के दौरान विभागीय अफसरों ने स्कूलों का भ्रमण कर परीक्षा कार्य की शुचिता को भी परखा।