बाराबंकी। शहर के एक मोहल्ले की युवती की निर्जन स्थान पर संदिग्ध दशा में हुई मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म व हत्या की आशंका का मामला पेचीदा होता जा रहा है। मामले की जांच में जुटी एसपी द्वारा गठित पुलिस की पांच टीमें कर्बला से लेकर घटनास्थल तक करीब 204 सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग अब तक खंगाल चुकी है। तमाम कैमरों की फुटेज में युवती अकेले ही भटकती दिखी है। हालांकि रात में उसके साथ क्या हुआ, इस बात का पता पुलिस को नहीं लग सका है। पुलिस ने जांच के लिए कई मोबाइल नंबरों को भी आधार बनाया है।
22 वर्षीय युवती मानसिक रूप से बीमार थी और रविवार को मुहर्रम के दिन शहर के कर्बला में लगने वाले मेला में भीड़ के दौरान मां से बिछड़ गई थी। अगले दिन फतहाबाद क्षेत्र के एक होटल के पीछे वह औंधे मुंह पड़ी मिली। चश्मदीदों का कहना है कि अगर 108 एंबुलेंस समय से पहुंच जाती तो उसकी मौत न होती। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर में निजी अंगों पर चोट के निशान मिले है।
एसपी के निर्देश पर शहर कोतवाली की तीन टीमों के अलावा क्राइम ब्रांच की स्वाट और सर्विलांस टीमें भी कर्बला से बड़ेल की ओर जाने वाली सड़क और घटनास्थल के आसपास के करीब 204 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ 11 संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की है।