सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के किंतूर गांव में बुधवार की दोपहर अचानक लगी आग से करीब बीस घरों की लाखों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई। जानकारी पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों द्वारा ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से प्रभावित हुए परिवारों में खाने से लेकर कपड़ा सब कुछ जलकर राख हो गया है।
तहसील प्रशासन की टीम ने गांव पहुंचकर क्षति का आंकलन कर पीड़ितों का आर्थिक मदद दिलाने का आश्वान दिया है। इस घटना में पीड़ितों का करीब दस लाख से भी अधिक का नुकसान होने की बात कही जा रही है। तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के ग्राम किन्तूर में बुधवार की दोपहर अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया लोग जब तक समझ पाते तब तक दर्जनों आशियाने जलकर राख हो गए।
इस दौरान लोग अपना सामान भी बचा न सके। आग लगने के समय मची अफरा तफरी के बीच हर कोई इधर उधर भागता रहा लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि जलते हुए घरों में जाकर अपना सामान बाहर निकाल सके। आग की खबर पर तमाम ग्रामीण इकट्ठे होकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से करीब दो घंटे की मेहनत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में गांव मिश्रीलाल, नएपाल, महतव, गुड्डे ,निर्भय, परशुराम, महंत, गणेश, कृपाल, राम सिंह जय सिंह, नंगा, शिबू, मुरारी, अवध राम, संतराम, रामकेश, भानु ,राकेश के घर की करीब दस लाख से भी अधिक कीमत की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है।
सूचना पर सीओ रामनगर श्रीपाल यादव व प्रभारी निरीक्षक ध्रूव कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से बात की। आग से तबाह हुए परिवारों के पास दो वक्त की रोटी के लाले पड़ गए हैं। अनाज कपड़े व अन्य सामान कुछ भी नहीं बचा है।
घटना के बाद तहसील से भेजे गए हलका लेखपाल हरि प्रसाद ने पहुंचकर लोगों के नाम दर्ज करते हुए नुकसान का आकलन किया है। तहसीलदार शिवमूर्ति सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने पर क्षति का आंकलन कर नुकसान के हिसाब से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। हालांकि आग लगने का कारण पता नहीं लग सका है।
रामनगर थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में बुधवार को घर मे खाना बनाते वक्त लगी आग 3 घर जल गए। इसके चलते पीड़ित दिनेश, उदय नरायन, मुकुल के परिवारीजनों में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि इन सभी के घर का सारा सामान खाक होने से करीब एक लाख का नुकसान हुआ है।