प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि जो लोग एयर स्ट्राइक पर सवाल खड़ा कर रहे हैं वे पाकिस्तान की भाषा बोल कर सेना का भी मनोबल गिरा रहे हैं। ऐसा करने वाले कोई भी हों वे कभी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाएंगे। यहां एक कार्यक्रम के दौरान युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान ने सोमवार को रामसनेही घाट क्षेत्र के पायका मैदान में मिनी स्टेडियम सहित 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 51 परियोजनाओं का शिलान्यास सांसद लल्लू सिंह, विधायक सतीश शर्मा तथा जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव व जिलाधिकारी उदयभानु त्रिपाठी की मौजूदगी में किया। इन योजनाओं से ग्राम धरौली के पायका मैदान में आठ करोड़ की लागत से मिनी स्टेडियम बनेगा। जबकि क्षेत्र में 51 सीसी मार्ग व डामरीकृत सड़कें क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ते हुए बनाई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान समर्थन में की जा रही बातों का जवाब देते हुए कहा कि सिद्धू पूर्व खिलाड़ी रह चुके हैं और खिलाड़ी देश के लिए खेलता है लेकिन लगता है कि वह थोड़ा भ्रमित हो गए हैं इसीलिए ऐसा बोल रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश की सेना का मनोबल बहुत ऊंचा हुआ है तथा मोदी जी की कूटनीति के कारण पाकिस्तान ने हमारे पायलट को ना सिर्फ 48 घंटे के अंदर सुरक्षित देश को सौंप दिया बल्कि वह काफी डरा हुआ भी है। आतंकवाद का समूल विनाश हमारा मिशन बन चुका है और इसे हम पाकर रहेंगे।
कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार युवाओं के लिए विशेष ध्यान दे रही है। देश की 60 प्रतिशत जनसंख्या 40 वर्ष से कम उम्र की युवाओं की है। इनके विकास के लिए तहसील स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। इस मौके पर विधायक बैजनाथ रावत, उपनिदेशक शिल्पी पांडे, प्रधानाचार्य दीपक कुमार यादव, पवन सिंह उर्फ रिंकू, जिला पंचायत सदस्य कुसुम लता वर्मा, जवाहर लाल वर्मा, लकी सिंह, विनीत श्रीवास्तव, डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव, कमलेश वर्मा आदि मौजूद रहे।