सरयू-यमूूना एक्सप्रेस से गिरकर युवक की मौत
- नहीं हो सकी शिनाख्त, सैदखानपुर रेलवे स्टेशन का मामला
बाराबंकी। कान में फोन की लीड लगाकर सफर कर रहे एक युवक की सरयू-यमुना एक्स्प्रेस से गिरने से मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मृतक के बारे में पता लगाने का प्रयास शुरू किया है।
जिले के दरियाबाद थाना क्षेत्र स्थित सैदखानपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। थानाध्यक्ष जीआरपी धर्मेद्र सिंह राठौर ने बताया कि युवक सरयू-यमुना एक्सप्रेस से गिरा है जिससे उसकी मौत हो गई है। एसओ ने कहा युवक कान में फोन की लीड लगाए था और ट्रेन के जनरल डिब्बे में खड़ा होने के चलते अचानक नीचे आने से यह हादसा हुआ है। मृतक के पास से अंबाला पंजाब का टिकट व मोबाइल फोन मिला है जिसके आधार पर पुलिस उसके बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। एसओ के मुताबिक युवक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास होगी। मृतक के कान में मोबाइल फोन की लीड लगी मिली है यदि यह लीड न कान में होती तो शायद यह हादसा न होता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।