अफसरों ने देखा 45 बूथों पर लाइव मतदान
-कलेक्ट्रेट परिसर में बनाया गया था वेबकास्टिंग कक्ष
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। नगर निकाय चुनाव के लिए बुधवार को हुए मतदान में अति संवेदनशील प्लस वाले मतदेय स्थलों का मतदान आयोग सीधे तौर पर देख रहा था। इसके लिए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के एक कक्ष में वेबकास्टिंग के लिए कई उपकरणों के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को तैनात किया था। इन सभी बूथों पर सुबह साढ़े सात बजे से शाम करीब पौने छह बजे तक मतदान की लाइव टेलीकास्ट को देेखकर आयोग ने नजरें गढ़ाई रखी।
बताते चलें कि राज्य निर्वाचन आयोग ने अति संवेदनशील प्लस वाले बूथों की मतदान प्रक्रिया की लाइव टेलीकास्ट कराने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद ऐसे 45 बूथों पर वीडियो टीमें में लगाई गई थीं। इन टीमों के जरिए जिला मुख्यालय पर बनाए गए वेबकास्टिंग कक्ष से सीधे आयोग को मतदान का लाइव टेलीकास्ट दिखाया जा रहा था। इस सख्ती का असर यह रहा कि इन 45 अति संवेदनशील बूथों पर किसी प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई। सबसे ज्यादा वेबकास्टिंग नवसृजित बेलहरा व सिद्धौर के बूथों पर कराई गई।
बॉक्स
इन अधिकारियों को किया गया था तैनात
वेबकास्टिंग के लिए प्रशासन ने कई जिम्मेदार अधिकारियों को तैनात किया था। इनमें रुही सक्सेना, धर्मेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र प्रताप सिंह, राजीव कुमार सिंह, शिल्पी पांडेय, केके गुप्ता समेत कई अधिकारी व कर्मचारी शमिल रहे।