बाराबंकी। किसान सम्मान निधि दो सप्ताह बाद किसानों के खाते में आएगी। इसे लेकर जिले के सभी 5,22,579 किसानों को फार्मर रजिस्ट्री करानी है। अभी तक महज 2,27,550 किसानों का ही डाटा पोर्टल पर अपलोड हो सका है। ऐसे में तीन लाख किसानों का डाटा पोर्टल पर अपलोड होने हैं। इसके लिए प्रतिदिन कम से कम 19 हजार किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराएं लेकिन सर्वर के चलते ऐसा संभव दिख नहीं रहा है। अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयास सफल नहीं हो रहे हैं।
तीन लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री इतने कम समय में कराना अधिकारियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। इसके लिए अधिकारी भी पूरी तरह से प्रयास कर रहे हैं परंतु उनके प्रयासों पर सर्वर पानी फेर रहा है। सर्वर की धीमी गति लक्ष्य में बाधा बनती जा रही है। हालांकि रात के समय सर्वर को कुछ गति मिल रही है।
किसानों से अपील की गई है कि वे फार्मर रजिस्ट्री के लिए शाम के समय ही जनसेवा केंद्र पर जाएं जिससे उन्हें बिना डाटा अपलोड कराए न लौटना पड़े। वहीं किसान राजेंद्र, भुनई व राकेश बताते हैं कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए जनसेवा केंद्र पर घंटों बैठना पड़ता है, इसके बाद भी डाटा अपलोड नहीं हो पाता है जिससे निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
वहीं उपकृषि निदेशक श्रवण कुमार कहते हैं कि इसके लिए सभी जिला और ब्लाॅक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों से संपर्क कर निर्धारित अवधि के अंदर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा कराएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।