बाराबंकी। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को बुढ़ापे में आराम से जीवन व्यतीत करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना शुरू की है। इसमें 18 से 40 उम्र के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को शामिल किया जा रहा है। साठ वर्ष तक प्रति माह न्यूनतम किस्त देने के बाद इन्हें हर महीने तीन हजार रुपये की पेंशन मिलेगी। किस्तें जमा करने और पंजीयन का जिम्मा कॉमन सर्विस सेंटर को दिया गया है।
अब तक पौने तीन हजार श्रमिकों ने अपना पंजीयन कराया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट के लोक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पंजीयन करा चुके 51 पात्रों को योजना के कार्ड भी दिए गए। केंद्र सरकार ने श्रमिकों, कर्मकारों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री मानधन योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत 18 से 40 आयु के असंगठित श्रमिकों को योजना में शामिल कर उन्हें 60 वर्ष की आयु के बाद प्रति माह तीन हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी। श्रमिकों को आयु के अनुसार हर माह 55 से लेकर 200 रुपये तक किस्त जमा करने होगी।
कलेक्ट्रेट के लोक सभागार में मंगलवार को एक कार्यक्रम आयोजित कर पंजीयन करा चुके 51 श्रमिकों को कार्ड वितरित किए गए। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रमेश चंद्रा, विधायक सतीश शर्मा, डीएम उदयभानु त्रिपाठी, सीडीओ मेधा रुपम व श्रमविभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
यह बहुत अच्छी योजना है। जिन्हें कार्ड मिला है वह क्षेत्र में जाकर इसका प्रचार प्रसार करें ताकि जिले के सभी असंगठित श्रमिकों को लाभ मिले सके। करीब तीन हजार लोगों ने पंजीयन कराया है। इसमें लगातार बढ़ोत्तरी हो रही।
- उदयभानु त्रिपाठी, डीएम।