एसबीआई से कश्मीर पैसा भेजने के मामले में तीन संदिग्ध दबोचे
बाराबंकी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से हजारों की नकदी कश्मीर भेजने के मामले में हरकत में आई पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पकड़े गए तीनों लोगों से पूछताछ के लिए खुफिया विभाग की टीम भी बुलाई गई है।
बदोसराय कोतवाली प्रभारी श्याम नरायन पांडेय ने बताया कि, पुलिस ने शनिवार शाम कस्बे में चौराहे के पास से तीन संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि, इन तीनों लोगों ने एसबीआई की शाखा से कश्मीर में किसी व्यक्ति को हजारों रुपये नकदी भेजी है। इस बारे में बैंक अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी थी। हालांकि पकड़े गए लोगों का नाम व पता पुलिस ने गोपनीय रखा है। सूत्रों का कहना है कि, पकड़े गए तीनों लोग कश्मीर के ही रहने वाले हैं, जिनसे पूछताछ के लिए खुफिया विभाग की टीम भी बुलाई गई है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि, जिन तीन लोगों को पकड़ा गया है वे अपना कोई आईडी नहीं दिखा सके हैं। कहा कि, तीनों लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उनके द्वारा बताए जा रहे पते पर तस्दीक कराने के बाद ही इन्हें छोड़ा जाएगा।