हादसोें में किशोर की मौत, हॉकर समेत दो गंभीर
- हरख व त्रिलोकपुर क्षेत्र में हुुईं दुर्घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
हरख/त्रिलोकपुर (बाराबंकी)। अलग-अलग सड़क हादसों में साइकिल सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हरख प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार को कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम कुत्तूपुर मजरे मिर्जापुर निवासी सुभाष (15) पुत्र सुरेश साइकिल से भानमऊ जा रहा था। तभी भानमऊ गंगागंज राजमार्ग पर चक सारगांव के पास तेज रफ्तार से बाइक से आ रहे रामआधार निवासी ग्राम व पोस्ट हरख ने ठोकर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार भागने लगा तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक चालक को थाने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सतरिख थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह का कहना है मृतक के परिवारीजन की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। त्रिलोकपुर प्रतिनिधि के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र के कस्बा त्रिलोकपुर के पक्का तालाब के निकट समाचार पत्र बांट कर लौट रहे नरायण को बाइक सवार ने ठोकर मार दी। जलुहामऊ निवासी बाइक सवार उत्तम कुमार (20) पुत्र सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को लोगों ने जिला अस्पताल पहुुंचाया जहां उत्तम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।