विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए ऊर्जामंत्री को भेजा पत्र
- त्रिवेदीगंज दूरभाष केंद्र से बीएसएनएल सेवा बाधित
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से त्रिवेदीगंज दूरभाष केंद्र से बीएसएनएल उपभोक्ताओं की फोन सेवा बाधित हो रही है। दो अगस्त से ट्रांसफार्मर फुंका होने की कई बार शिकायत करने पर विभाग ने ठीक नहीं कराया। सहायक अभियंता ने उर्जा मंत्री को शिकायत भेजकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
क्षेत्र में लो वोल्टेज व बाधित बिजली आपूर्ति के कारण फोन नेटवर्क पूरी तरह से चौपट है। दूरभाष केंद्रों पर कामर्शियल बिजली कनेक्शन होने के बावजूद आपूर्ति बाधित होने की शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं होती है। त्रिवेदीगंज दूरभाष केंद्र संचालन के लिए आठ किलोवाट की बिजली आपूर्ति के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। बीती 2 अगस्त को ट्रांसफार्मर फुंकने से केंद्र की बिजली बाधित है। फोन सेवा बहाल रखने के लिए डीजल जनरेटर से मशीनों के संचालन में दूरसंचार विभाग से कई गुना अधिक धन खर्च करना पड़ रहा है इसके बाद भी लगातार फोन सेवा बहाल रखने में कठिनाई हो रही है। इसके अलावा लो वोल्टेज व बाधित आपूर्ति के कारण सिद्धौर, नवपुर कोडरी, सेमरांवा, परींवा, त्रिवेदीगंज, भिलवल, बहुता, फतेहगंज डेरी, कमेला व हैदरगढ़ टाउन के दूरभाष केंद्रों के संचालन नहीं हो पा रहा है। सहायक अभियंता बीएसएनएल राजीव राना ने इस संबध में पावर कॉर्पोरेशन के जेई एसडीओ व अधिशासी अभियंता से शिकायत की लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। बाधित आपूर्ति व लो वोल्टेज के कारण दूरभाष केंद्रों पर लगी बीटीएस मशीनें खराब होने फोन नेटवर्क सेवा बंद हो जाती है। सोमवार को उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को पत्र भेजकर बाधित बिजली आपूर्ति दुरुस्त कराने की मांग की है।