बाराबंकी। जिले में यूरिया का वितरण अधिकारियों व कर्मचारियों की निगरानी में किए जाने के बावजूद निजी व सहकारी संस्थाओं के बिक्री केंद्रों पर लाइन कम नहीं हो रही। बुधवार को कृषि विभाग के अनुसार 17 हजार 997 बोरी यूरिया का वितरण 7513 किसानों में किया गया। वहीं खाद की एक रैक और आई है जिसमें 26 हजार बोरी यूरिया जिले को और प्राप्त हुई है। जिले में 5221.645 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता के दावे भी किए गए हैं।
उधर, 40 बोरी से अधिक यूरिया क्रय करने वाले 21 कृषकों तथा बार-बार खरीदने वाले 97 कृषकों की जांच होगी। डीएम शशांक त्रिपाठी ने ब्लॉकवार नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है।
तहसील रामसनेहीघाट क्षेत्र की सहकारी समिति सादुल्लापुर में बुधवार को 250 बोरी खाद का वितरण एडीओ की मौजूदगी में किया गया। पुलिस भी मौजूद रही। एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि सभी किसानों को खाद मिल रही है। कुर्सी में भी बीते तीन दिनों से समितियों पर खाद वितरण होने के बावजूद बुधवार को भी भीड़ लगी रही। साधन सहकारी समिति कुर्सी पर लाइन लगाने को लेकर दिन भर गहमा-गहमी रही। पुलिस की मौजूदगी से कोई विवाद नहीं हुआ। समिति के सचिव शशिकांत ने बताया तीन दिन से लगातार बिना रुके सुबह से देर शाम तक यूरिया वितरित की जा रही थी। देर शाम यूरिया समाप्त हो गई।
45 समितियों पर आज बंटेगी यूरिया-
जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने बताया कि जिले में आई 26 हजार बोरी यूरिया में 13 हजार बोरी सहकारी समितियों को आवंटित की गई है। बृहस्पतिवार को 45 बी-पैक्स/समितियों पर वितरण कराया जाएगा।