नशे में धुत युवक ने शुक्रवार की भोर घर में सो रही पत्नी और चार बच्चों को बांके से काट डाला। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर में रखा विषाक्त पदार्थ पी लिया। चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे परिवारीजन और गांव वालों ने आननफानन सभी को सीएचसी पहुंचाया जहां से घायलों व आरोपी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। घुंघटेर थाना क्षेत्र के कोडरा गांव निवासी लवकुश (37) पुत्र रामभजन परिवार के साथ सो रहा था। शुक्रवार की भोर करीब तीन बजे वह उठा और बांका से बगल में सो रही पत्नी शिवपाली (35) पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।
मां की चीख सुन सो रहा डेढ़ साल का मासूम बृजकिशोर, उमाशंकर (9), चंदन (6) व रमाकांती (3) जाग गये और चीखने लगे। आरोपी पिता ने चारों बच्चों को बांके से काटकर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर में रखा विषाक्त पदार्थ पी लिया।
दूसरी ओर सो रहे बच्चों के बाबा रामभजन और दादी आसारानी मौके पर पहुंचीं तो देखा कि सभी खून से लथपथ चीख रहे थे। दोनों ने शोर मचाकर गांव वालों को बुला लिया। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल 100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आननफानन अपने वाहन से सभी घायलों और आरोपी को सीएचसी घुंघटेर पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में तैनात ईएमओ डॉ. विनोद कुमार ने मासूम बृजकिशोर को मृत घोषित कर दिया। बाकी सभी को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मासूम बच्चे को मौत के घाट उतारने वाला जिला अस्पताल में भर्ती आरोपी पिता बार-बार पूरे परिवार को मार डालने की बात कहता रहा। जिंदगी और मौत से जूझ रही पत्नी और बच्चों की यह दुर्दशा करने वाले आरोपी के चेहरे पर कहीं भी पछतावे के भाव नहीं थे।
थानाध्यक्ष घुंघटेर संतोष कुमार ने बताया कि 100 नंबर पर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। वहां एक बच्चे की मौत होने की सूचना मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलने जांच कर कार्रवाई की जाएगी।