शौचालय बने नहीं और
पंचायत ओडीएफ घोषित
क्रासर
- मामला मसौली के पल्हरी गांव का
अमर उजाला ब्यूरो
उधौली(बाराबंकी)। ब्लॉक मसौली के ग्राम सभा पल्हरी में अभी तक एक भी इज्जतघर नहीं बन सके। ब्लॉक द्वारा ग्राम सभा में 705 शौचालयों का निर्माण कराए जाने का कागजी दावा किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
जिले के सभी पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत इज्जत घरों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं अधिकारी ग्राम सभा के किसी एक मजरे में काम करा कर पूरे ग्राम सभा में काम को कराये जाने का दावा कर दे रहे हैं। मसौली ब्लॉक के ग्राम सभा पल्हरी में अभी भी शौचालयों के निर्माण में हीला हवाली देखने को मिल रही है। जबकि यहां 705 शौचालयों का निर्माण कराकर ब्लॉक स्तर से ओडीएफ घोषित कर दिया गया है। वहीं गांव के निवासी अमर सिंह, श्याम सिंह, लखन, सुंदर लाल, भगौती, उमेश ने बताया कि अभी हमें शौचालय नहीं दिया गया है और न ही इस गांव में एक भी शौचालयों का काम ही शुरु हुआ है। ग्राम पंचायत अधिकारी दयानंद ने बताया कि पल्हरी ग्राम सभा में 83 शौचालय का पैसा आया है जो पंचायत के विभिन्न मजरों में शौचालय बनाए जा रहे हैं और अधिक निर्माण करने के लिए विभाग से डिमांड की गई है।
इसी प्रकार जैदपुर के मुर्तजीपुर पंचायत में भी जमकर धांधली की जा रही है। प्रधान के कहने पर कई परिवार के लोगों ने इज्जत घर का निर्माण कार्य करा लिया। किन्तु उनके खातें में अभी तक पैसा नहीं पहुंचा है। पैसे के लिए ग्रामीण प्रधान व सचिव के चक्कर काट रहें हैं। ग्रामीणों ने ब्लॉक में शिकायत कर पैसा दिलाने की मांग की है।
--------------------
कूड़ा डालने पर की महिला को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
जैदपुर(बाराबंकी)। घूर पर कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में पहले विवाद हुआ बाद में एक युवक ने महिला की पिटाई कर दी। इसकी शिकायत पीड़ित महिला ने जैदपुर थाने में की। पुलिस ने तहरीर मिलने पर महिला की डॉक्टरी कराकर एनसीआर दर्ज कर ली है।
जैदपुर थाना क्षेत्र लसोरवा गांव में बजंर की भूमि पर गांम के राम सिंह व लेखराज कूड़ा फेंकते थे। बुद्धवार को लेखराज की पत्नी ममता देवी कूड़ा फेंकने गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहा सुनी हो गई जिसमें राम सिंह ने महिला की पिटाई कर दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद राम सिंह के विरूद्ध एनसीआर दर्ज की है। इस संबंध में कस्बा इंचार्ज शीतला प्रसाद ने बताया की एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।