प्रदेश सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे सपाई
बाराबंकी। समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों के तहसील मुख्यालयों पर कानून-व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन संबंधित उपजिलाधिकारी को सौंपा।
सपा ने शनिवार को सदर, रामनगर, कुर्सी, दरियाबाद, हैदरगढ़ व जैदपुर विधानसभा क्षेत्रों के तहसील मुख्यालयों पर जुलूस निकाला और इसके बाद धरना देकर योगी सरकार के विरुद्ध हल्ला बोला। रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्व कबीना मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदेश सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। गोप ने कहा कि, प्रदेश के किसान आंदोलित हैं और राज्य सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल साबित हुई है। जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में डकैती, लूट, बलात्कार की घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र में भी पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने शहर की श्रीराम कॉलोनी से पार्टी का झंडा दिखाकर जुलूस का शुभारंभ किया। इसमें पूर्व विधायक रामगोपाल रावत के नेतृत्व में सैकड़ों सपाइयों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ना कार्यालय पहुंचकर धरना दिया। सदर विधायक सुरेश यादव ने कहा कि, भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, सरकार बनने के बाद उनसे मुकर गई है। इस अवसर एमएलसी राजेश यादव, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, पूर्व सांसद कमला रावत, डीडीसी कृष्णकुमार रावत समेत सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद सपाइयों ने एसडीएम सदर एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपा।
फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्व मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई के नेतृत्व में सैकड़ों सपाइयों ने पुरानी तहसील में धरना दिया। इसके बाद पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन तहसीलदार संदीप त्रिपाठी को सौंपा। हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय तहसील कार्यालय परिसर में पूर्व सांसद रामसागर रावत व पूर्व विधायक राममगन रावत के नेतृत्व में सपाइयों ने धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद सपाइयों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर अदनान चौधरी, विवेक, धीरज, सिपाही, लक्ष्मी नारायण साहू आदि मौजूद रहे।
रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व मंत्री राजीव कुमार सिंह के साथ तहसील पहुंचे सपाइयों ने प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस अवसर पर बच्चा सिंह, सोनू यादव, निर्मल यादव, प्रियांशु, संतोष श्रीवास्तव, अशोक, रवि चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।