आईजीआरएस में टॉप पांच विभाग डिफाल्टर सूची में
- आईजीआरएस को लेकर सीएम की समीक्षा बैठक कल, तैयारियों में जुटे अधिकारी
बाराबंकी। अधिकारियों की लापरवाही के चलते ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण नही किया जा रहा है। जिससे पीड़ितों को समय से न्याय नही मिल पा रहा है। यह हाल तब है जब खुद मुख्यमंत्री जनता दर्शन में प्रतिदिन सैकड़ों फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण कर संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश देते रहते हैं। इसके बाद भी अधिकारियों के कान में जूं तक नही रेंग रही है। आज भी पांच ऐसे विभाग डिफाल्टर सूची में शामिल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ कल जिलेवार लंबित पड़ी शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करेंगे। इसको लेकर प्रशासन में काफी हड़कंप है। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों को लंबित शिकायतों के निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड गर्वेनेंस रिड्रेसल सिस्टम) में मंगलवार को जो ऑनलाइन स्थिति दिख रही थी, उसमें पांच विभाग ऐसे हैं। जिनके यहां मुख्यमंत्री सहित कई अन्य पोर्टल की शिकायतें लंबित हैं। इनमें पुलिस की 26, विद्युत विभाग की 43, माध्यमिक शिक्षा की 19, स्वास्थ्य विभाग की 18 व पंचायतीराज विभाग की 14 शिकायतें शामिल हैं। इनमें सीएम, डीएम, एसपी व तहसील दिवस संदर्भ की शिकायतों का अभी तक निस्तारण नही किया गया है।
बाक्स
जो शिकायतें पोर्टल पर लंबित दिख रही थी। उन्हें जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित विभाग को निस्तारित किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। कल इस संबंध में सीएम की होने वाली समीक्षा बैठक को लेकर तैयारियां की जा रही है।
धर्मेंद्र उपाध्याया, ई-डिस्ट्रिक मैनेजर