बाराबंकी। शहर में बदहाल यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कवायद शुरू की गई है। बढ़ते जाम को देखते हुए अब दो जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जा रहे है इससे लोगों को आवागमन में आसानी हो सकेगी।
एसपी डॉ. सतीश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए काम शुरू किया है। शनिवार को एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह व ट्रैफिक इंस्पेक्टर परशुराम ओझा के साथ ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की रणनीति बनाई।
अधिकारियों ने एसपी को बताया कि शहर में नाका सतरिख व देवा तिराहे के समीप दिन व रात में वाहनों का ज्यादा बोझ रहता है ऐसे में यहां पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की आवश्यकता है। एसपी ने इस काम के लिए हरी झंडी दे दी है। अब जल्द ही इन जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगने की उम्मीद भी जगी है।