रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। नगर पंचायत रामसनेही घाट की सड़कों को हरित पट्टी व रंगबिरंगे फूलों वाले पौधों से सजाने का कार्य होगा। इसके क्रियान्वयन की तैयारियों के लिए राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को अधिकारियों व क्षेत्रीय निवासियों की एक बैठक भी तहसील सभागार में हुई।
वन विभाग के एसडीओ अजय कुमार पांडेय ने बताया कि अभियान के दौरान भिटरिया चौराहे के चारों ओर 1600 पौधे लगाए जाएंगे। इसके तहत भिटरिया चौराहे से बाबा रामसनेही दास मंदिर तक गुलमोहर के 400 पौधे, भिटरिया से दिलोना बाइपास तक सावनी के 400 पौधे, भिटरिया चौराहे से दरियाबाद की ओर जकरंडा के 400 पौधे, भिटरिया चौराहे से हैदरगढ़ रोड पर अमलतास के 400 पौधे लगाएं जाना प्रस्तावित है। चारों मार्गों पर अलग-अलग रंग के फूल खिलते महकते काफी अच्छे लगेंगे। रोपित अमलतास में पीले, सावनी में गुलाबी, जकरंडा में बैंगनी व गुलमोहर में लाल रंग के फूल निकलेंगे।
राज्यमंत्री ने 800 वृक्षों के संरक्षण व वन विभाग ने 800 वृक्षों के संरक्षण के लिए ट्रीगार्ड लगाने की बात कही। बताया कि 20 जुलाई को नगर पंचायत में भिटरिया चौराहे के चारों ओर एक साथ सभी 1600 पौधे रोपित किए जाएंगे। इस अभियान में क्षेत्र के सभी विद्यालयों के विद्यार्थी, नगर पंचायत तहसील व ब्लॉक कर्मचारी, वन कर्मी के साथ भाजपा कार्यकर्ता व नगर के लोग मानव श्रृंखला बना कर पौधों को तीन मीटर की दूरी पर रोपित करेंगे।
राज्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पूरे कार्यक्रम की ड्रोन कैमरे से निगरानी कराने के साथ ही वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके लिए वन विभाग द्वारा गड्ढे खोदने का काम शुरू कर दिया गया है। बैठक में एसडीएम राम आसरे वर्मा, सीओ जटाशंकर मिश्र, बीडीओ विनय मिश्रा, ईओ धीरज सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सलूजा, बाबा परमेंद्र विक्रम सिंह, जवाहरलाल वर्मा तथा विवेक तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।