बाराबंकी। निकाय चुनावों के लिए अनंतिम आरक्षण जारी होने के बाद प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दीं हैं। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए 16 जोनल और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए जाएंगे। साथ ही 83 आरओ व एआरओ तैनात किए जाएंगे जो नामांकन से लेकर मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।
जिले की एक नगर पालिका व 13 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पदों के साथ 204 सभासद पदों के लिए चुनाव होना है। इनमें नगर पालिका नवाबगंज, नगर पंचायत जैदपुर, बंकी, फतेहपुर, रामनगगर व सुबेहा का सीमा विस्तार हुआ है जबकि रामसनेहीघाट नवसृजित नगर पंचायत है। नगर पालिका नवाबगंज में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट एवं छह सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। नगर पंचायत जैदपुर व फतेहपुुर में एक-एक जोनल व तीन-तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट लगेंगे। इसके अलावा अन्य सभी नगर पंचायतों में एक-एक जोनल व दो-दो सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती होगी। तैनाती को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर लीं हैं। आगामी दिनों में निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी होते ही इनकी नियुक्ति कर दी जाएगी।
बॉक्स
दस से 20 प्रतिशत अतिरिक्त छपेंगे बैलट पेपर
निकाय चुनाव में इस बार 408891 मतदाता हैं। प्रत्येक मतदाता को अध्यक्ष व वार्ड सदस्य पद के लिए दो-दो बैलट पेपर दिए जाएंगे। कुल आठ लाख 17 हजार 782 बैलट पेपर की आवश्यकता है। आयोग के निर्देशानुसार, आवश्यकता के सापेक्ष 10 से 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त बैलट पेपर छपवाए जाएंगे। वहीं, प्रत्येक बूथ पर दो-दो मतपेटियां रहेंगी। इसके लिए करीब एक हजार मतपेटियों को तैयार कराया जा चुका है।
तैयारियों की होगी समीक्षा
राज्य निर्वाचन आयोग बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिले के अधिकारियों के साथ निकाय चुनाव की तैयारियों पर समीक्षा करेगा। इसमें मुख्य रूप से आचार संहिता लागू होने के बाद की जाने वाली कार्रवाई, व्यय अनुवीक्षण के लिए तैनात किए जाने वाले उड़नदस्ते, शांति व्यवस्था के लिए संवेदनशील, अतिसंवेदनशील मतदेय स्थलों का चयन के अलावा मतदान के दिन शांति व्यवस्था के संबंध में की जाने वाली तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
बॉक्स निकायवार वार्ड, मतदान केंद्र, मतदेय स्थल, आरओे व एआरओ
नवाबगंज- 29- 45- 161- 6- 12
जैदपुर- 17-19-38- 2- 3
देवा- 12- 5- 17- 2- 3
बंकी- 13- 8- 25- 2- 3
सतरिख- 11- 8- 13- 2- 3
टिकैतनगर- 10- 7- 10- 2- 3
हैदरगढ़- 12- 6- 23- 2- 3
दरियाबाद- 13- 7- 21- 2- 3
सिद्धौर- 11- 4- 12- 2- 3
फतेहपुुर- 19- 18- 51- 2- 3
रामनगर- 14- 9- 17- 2- 3
सुबेहा- 14- 10- 21- 2- 3
बेलहरा- 15- 6- 20- 2- 3
रामसनेहीघाट- 14- 8- 18- 2- 2
वर्जन
आयोग के निर्देशानुसार निकाय चुनाव की तैयारियां की जा रहीं हैं। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ आरओ व एआरओ बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का चयन कर लिया गया है।
- राकेश कुमार सिंह, एडीआईओ/एडीएम