दो बदमाश गिरफ्तार, चोरी की छह बाइक व लूट के रुपये बरामद
बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान शुक्रवार को दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें और लूट के साढ़े सात हजार रुपये बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आरएस गौतम ने पकड़े गए बदमाशों के बारे में शुक्रवार को पुलिस लाइन में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मसौली थानाध्यक्ष संतोष कुमार की टीम ने शुक्रवार को सुरसंडा मोड पर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास चोरी की छह बाइक व लूट के साढ़े सात हजार रुपये बरामद हुए। बदमाशों की पहचान अब्दुल खालिद निवासी बड़ागाव, मसौली और रवि गुप्ता निवासी कांशीराम कालोनी, शहर कोतवाली के रूप में हुई। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि नगर कोतवाली के जीतनगर मोहल्ला में 29 मार्च को एक घर से जेवरात व नकदी की चोरी करने के साथ सत्यप्रेमी नगर में 11 मई को एक महिला से चून लूटी थी।
आरोपियों में अब्दुल खालिद के कब्जे से साढ़े चार हजार व रवि गुप्ता के कब्जे से तीन हजार रुपये बरामद हुए। एएसपी के मुताबिक बरामद रुपये लूट के हैं। बदमाशों की निशादेही पर रेलवे स्टेशन के पास एक अर्द्वनिर्मित मकान से चोरी की बाइक छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। उनके स्वामियों के बारे में जानकारी की जा रही है। एएसपी ने मसौली थानाध्यक्ष के साथ बदमाशों को पकड़ने वाले अन्य पुलिस कर्मियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।