फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतगणना की तैयारियां पूरी, 13 प्रत्याशियों के भाग्य पर फैसला आज

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी को आज मिलेगा नया सांसद
विज्ञापन



बाराबंकी। लोकसभा चुनाव की मतगणना को लेकर प्रत्याशियों की धड़कन तेज हो गई है। गुरुवार को नवीन मंडी परिसर में होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


प्रेक्षक अकरम पाशा और जसलीन कौर ने प्रशासनिक अमले के साथ बुधवार को बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। गुरुवार सुबह आठ बजे से होने वाली मतगणना में तैनात किए गए गणकों को सुबह छह बजे मतगणना स्थल पर बुलाया गया है।
विज्ञापन



अर्द्धसैनिक बल व पीएसी जवानों की तैनाती व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के बीच मतगणना होगी। बिना पास या विभागीय आईडी के किसी भी अधिकारी, कर्मचारी, प्रत्याशी या उनके एजेंट को मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


हर विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच बूथों के वीवीपैट के मिलान के चलते परिणाम शाम करीब छह बजे तक आ सकते हैं। 17वीं लोकसभा निर्वाचन को लेकर छह मई को हुए मतदान का परिणाम गुरुवार को घोषित होगा।


नतीजों को लेकर तीन प्रमुख दलों के प्रत्याशियों की धड़कन तेज हो गई है। हालांकि बाराबंकी लोकसभा सीट से 13 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आज नवीन मंडी परिसर में विधानसभावार होने वाली मतगणना को लेकर बुधवार देर शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं।


मतों की गिनती के लिए रिजर्व समेत 456 कर्मचारियों (गणक) को लगाया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती के लिए जहां 14 टेबल लगाई गई हैं, वहीं हर टेबल पर चार-चार कर्मचारियों को लगाया गया है।


बुधवार को इन कर्मचारियों को गांधी सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। आयोग द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र के पांच-पांच बूथों के वीवीपैट का मिलाने करने के निर्देश पर मतदान का परिणाम शाम करीब छह बजे तक आने की संभावना है।


सबसे कम 60.88 मत प्रतिशत और सबसे कम 400 बूथ होने के चलते हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र का परिणाम 28वें चक्र में ही सबसे पहले आएगा।


वहीं, कुर्सी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 65.92 प्रतिशत मतदान और सबसे अधिक 466 बूथ के चलते 34वें राउंड में सबसे देरी से परिणाम जारी होगा।


उधर प्रेक्षक अकरम पाशा, जसलीन कौर, डीएम उदयभानु त्रिपाठी, एसपी अजय साहनी, एडीएम संदीप गुप्ता आदि ने बुधवार को मतगणना स्थल का मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


डीएम ने बताया कि मतगणना स्थल के अंदर बिना पास व विभागीय आईडी कार्ड के कोई भी अधिकारी, कर्मचारी, प्रत्याशी या उनका एजेंट प्रवेश नहीं पा सकेंगे। मतगणना स्थल पर तीन प्रवेशद्वार बनाए गए हैं।


गेट नंबर एक से मतदान अभिकर्ता, मीडियाकर्मी और कर्मचारियों को प्रवेश मिलेगा। गेट नंबर दो से रामनगर व हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एजेंट जा सकेंगे। जबकि गेट नंबर तीन से बाराबंकी, जैदपुर, कुुर्सी और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के एजेंट प्रवेश करेंगे।


छह मई को हुए मतदान में ईवीएम खराबी की 58 शिकायतें मिली थीं। कहीं ईवीएम ऑन नहीं होने तो कहीं कुछ और खराबी सामने आई थी। हालांकि सूचना मिलते ही अधिकारियों ने ईवीएम बदलाकर मतदान प्रारंभ कराया।


यहां तक की पीठासीन अधिकारियों की लापरवाही के चलते सात बूथों पर मॉकपोल के वोटों को खारिज किए बिना ही मतदान करा दिया गया। अपर जिलाधिकारी संदीप गुप्ता ने बताया कि इस लापरवाही पर मतगणना के बाद संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।


मालूम हो कि छह मई को सात बूथों पर मतदान शुरू होने से पहले एजेेंटों द्वारा मॉकपोल करने के बाद उसे हटाए बिना ही मतदान करा दिया गया था। आयोग ने मतगणना में मॉकपोल की गणना नहीं करने के निर्देश दिए हैं।


एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने बताया कि नवीन मंडी में मतगणना के चलते बृहस्पतिवार को बहराइच मार्ग पर रूट डायवर्जन रहेगा। लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन सफदरगंज होते हुए जा सकेंगे और वापसी भी इसी मार्ग से होगी।


वहीं बहराइच-बाराबंकी मार्ग पर शहाबपुर से रामनगर तिराहे तक का रास्ता बंद रहेगा। लखनऊ से गोंडा, बहराइच बलरामपुर, श्रावस्ती जाने वाले वाहन रामनगर तिराहा होते हुए अयोध्या मार्ग पर जयपुरिया स्कूल के पास से बाएं होकर शहाबपुर के पास निकल सकेंगे। भारी वाहन सफदरगंज से बाएं बदोसरायं होते हुए चौकाघाट से गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती की ओर से जा सकेंगे।


एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने बताया कि मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दो कंपनी अर्द्धसैनिक बल, दो कंपनी पीएसी, 18 थानाध्यक्ष, छह सीओ, दो एएसपी, 667 दरोगा, सिपाही व इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं।


इसके साथ ही मतगणना स्थल पर हर तरफ 34 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मतगणना स्थल पर आने वाले वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहन बहराइच मार्ग पर परमेश्वर कोल्ड स्टोर व मसौली की तरफ से आने वाले वाहन पीएसी के पास बनाई गई पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।


मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसकी जिम्मेदारी जिलाधिकारी उदयभानु त्रिपाठी ने बीएसए वीपी सिंह को सौंपी है। मतगणना कार्मिकों के मोबाइल गेट पर ही जमा करा लिए जाएंगे। इसके लिए बीएसए ने प्रत्येक गेट पर पांच बीईओ की ड्यूटी लगाई है।
विज्ञापन



एनआईसी में प्रेक्षक जसलीन कौर व अकरम पाशा की मौजूदगी में बुधवार को 456 कर्मचारियों का विधानसभावार रेंडमाइजेशन किया गया। किस कर्मचारी को किस विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती करनी है, इसके लिए उन्हें चिह्नित किया गया। गुरुवार सुबह पांच बजे तीसरे रेंडमाइजेशन में कर्मचारियों की टेबल निर्धारित की जाएगी। इस मौके पर डीएम, एडीएम, सीडीओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें