शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने की स्वच्छता पर वोटिंग
- एसएसजी-18 ऐप डाउनलोड कर दी अपनी राय
- कई गांवों में निकली स्वच्छता सर्वेक्षण की जागरूकता रैली
फोटो:- 53 पी
अमर उजाला ब्यूरो
मसौली (बाराबंकी)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बड़ागांव एवं वीणा सुधाकर ओझा महाविद्यालय मसौली में जिला पंचायत राज विभाग की ओर से स्कूल, कॉलेजों में एसएसजी 18 (स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण) एप से स्वच्छता सर्वेक्षण का फीडबैक दिया गया। इसमें शिक्षक, कर्मचारी और छात्रों ने भाग लिया। डीपीआरओ अनिल श्रीवास्तव एव ब्लॉक के कर्मचारियों ने एप की जानकारी दी।
मालूम हो कि एक से 31 अगस्त तक स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण कार्यक्रम चल रहा है। जिसमें पंचायत राज विभाग द्वारा गांवों को स्वच्छता के बारे में जानकारी दी जा रही है। शासन की ओर से गांवों में स्वच्छता का हाल क्या है, इसके लिए एसएसजी 18 एप के माध्यम से जिलेवासियों से वोटिंग कर फीड बैक लिया जा रहा है। बुधवार को डीपीआरओ अनिल श्रीवास्तव ने एसएसजी 18 ऐप के बारे में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान व वीणा सुधाकर ओझा महाविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के बीच प्रचार प्रसार किया।
ब्लॉक मुख्यालय से डीपीआरओ की अगुवाई में जागरूकता रैली भी निकाली गई जो ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत मसौली होते हुए बड़ागांव, ज्योरी, कोटवा, मेढिया, अमदहा, निबहा, भयारा होते हुए वापस ब्लॉक पहुंची। इस मौके पर ओम अवस्थी, अदित कुमार, सचिन कुमार, अनिल, संतोष, शिवा, गुड्डडू सहित ब्लॉक एवं सफाईकर्मी मौजूद थे।