एमए हिंदी की मौखिक परीक्षा देने पहुंचा कक्षा आठ पास
बाराबंकी। एमए के हिंदी विषय की मौखिक परीक्षा देने पहुंचे कक्षा आठ पास मुन्नाभाई को हस्ताक्षर करते समय पकड़ गया। पहले तो चश्मा न होने से हस्ताक्षर में गलती फिर खुद का नाम प्रमोद कुुमार होने की बात पर वह हड़बड़ा गया और सच कबूल किया।
मामला शहर के जनेस्मा कॉलेज का है। बुधवार को कॉलेज में एमए फाइनल वर्ष हिंदी विषय की मौखिक परीक्षा थी। जिसमें शामिल होने कोठी थाना क्षेत्र के पूरे बाज निवासी गंगा बक्श सिंह भी पहुंचा। प्रमोद कुुमार पाठक का नाम पुकारे जाने पर वह अंदर गया। परीक्षकों ने प्रश्न पूछे जाने से पहले उससे हस्ताक्षर करने को कहा। जिसे करते ही वह पकड़ गया। उसने चश्मा न होने के बात की। तो परीक्षकों ने उससे प्रश्न पूछा तो वह हड़बड़ा गया। शक होने पर कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश-पत्र में लगी फोटो से उसके चेहरे का मिलान किया तो वह अलग पाया गया। कॉलेज प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो वह सच बताने को तैयार हुआ। उसने बताया कि वह कक्षा 8 पास है। मगर, प्रमोद कुमार पाठक के कहने से परीक्षा देने आया था। उसने बताया कि प्रमोद इस समय मध्यप्रदेश में है। इसलिए उसको मौखिक परीक्षा में शामिल होने भेजा था। उसने बताया कि प्रमोद ने कहा था कि वहां सिर्फ हस्ताक्षर करना होगा। इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामशंकर यादव ने बताया कि मौखिक परीक्षा देने आया गंगा बक्श कक्षा 8 पास था। उसके द्वारा अपराध कारित नहीं हुआ। इसलिए परिवारीजनों के अनुरोध पर छोड़ दिया गया।