मुख्यमंत्री से करेंगे तहसीलदार की शिकायत
बाराबंकी। फैजाबाद रोड पर दुकान एवं जमीन हथियाने के एक मामले में पीड़ित मुख्यमंत्री से इंसाफ मांगने जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि विरोधियों ने तहसीलदार से झूठी रिपोर्ट बनवा ली है जिसके चलते उसे इंसाफ नहीं मिल रहा है।
पीड़ित तहसील रामसनेही घाट अंतर्गत ग्राम कोटवा सड़क निवासी लवलेश मिश्रा के मुताबिक फैजाबाद रोड पर छह फीट की गैलरी के साथ उसकी तीन दुकानें हैं। आरोप है कि इन दुकानों व गैलरी की भाई अभिषेक से मिलकर प्रमोद कुमार मिश्रा एवं कांति देवी ने 1 मार्च 2016 में फर्जी रजिस्ट्री करा ली। इसके विरोध में डीएम से गुहार लगाई तो उन्होंने एसडीएम को जांच का आदेश दिया। एसडीएम ने तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी। लवलेश का आरोप है कि तहसीलदार ने गलत रिपोर्ट भेज दी।
जिसके आधार पर जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। अब पीड़ित मुख्यमंत्री के यहां सारे सबूत के साथ इंसाफ की गुहार लगाने की योजना बना रहा है।