मेंथा पेराई करते समय फटी टंकी, दंपती झुलसे
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के नेेवाज पुरवा गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीराबाद (बाराबंकी)। नेवाजपुरवा गांव में शनिवार को मेंथा की टंकी अचानक फट गई। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवाज पुरवा गांव निवासी धर्मपाल सिंह शनिवार को अपना मेंथा गांव के बाहर लगी टंकी पर पेराई करने के लिए टंकी में भरा था। उसकी पत्नी श्रीदेवी टंकी खौलाने के लिए झोंकाई कर रही थी। झोंकाई करते समय टंकी के स्टीम पाइप में पत्तियां फंस जाने से अचानक तेज आवाज के साथ फट गई। दुर्घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। मौके मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को किसी तरह वहां से निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अब तक जिले में मेंथा टंकी फटने का यह दूसरा मामला है। मसौली थाना क्षेत्र के ठकुरिहा गांव में भी टंकी फटने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस चुका है।