60 से अधिक पंचायतों में
नहीं पहुुंची धनराशि, कार्य ठप
क्रासर
- प्रधान व ग्रामीण नाराज, डीपीआरओ से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जैदपुर(बाराबंकी)। शासन से एक साथ 76 ग्राम पंचायतों के लिए भेजी गई ग्राम निधि का पैसा मात्र एक दर्जन भर ही खातों में पहुंचा है। शेष 60 से ज्यादा ग्राम पंचायतों में पिछले दो माह बीत जाने के बाद धनराशि नहीं आई है। इससे ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। प्रधानों ने बैंक द्वारा अभी तक किसानों के खाते में पैसे नही भेजने की शिकायत डीपीआरओ से की है।
हरख ब्लॉक क्षेत्र की 76 ग्राम पंचायतों में मात्र 12 खाते हरख गांव में स्थित भारती स्टेट बैंक में खुले हुए हैं। बाकी 60 से ज्यादा ग्राम विकास निधि के बैंक खाते सतरिख में स्थित बैंक ऑफ इंडिया में लंबे समय से संचालित हो रहे हैं। जुलाई माह में हरख ब्लॉक की सभी 76 पंचायतों की निधि में शासन द्वारा पैसे भेजे गए थे। लेकिन अभी तक मात्र एसबीआई हरख की शाखा में ही पैसे पहुंचे हैं। जबकि ज्यादा तर प्रधान बैंक ऑफ इंडिया द्वारा खाते में धनराशि न पहुुंचाने से नाराज हैं। ग्राम प्रधान गोठिया फूल चंद्र वर्मा, गढ़ीराखम बेचनलाल, राजेंद्र, सुंदर लाल, पूजदेवी आदि ने बताया कि ग्राम निधि के खाते में पैसे नही आने से विकास कार्य बंद हो गए हैं। इस संबंध में एडीओ पंचायत हरख नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीओआई में खुले खातों में पैसे नहीं पहुंचे हैं। पत्र लिखा गया है बहुत जल्द सभी खातों में पैसा पहुंच जाएगा।