अवैध खनन में चार डंपर, जेसीबी व पोकलैंड सीज
- मौके पर आधा दर्जन बाइक भी बरामद, तीन युवक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
हरख(बाराबंकी)। प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई के बाद भी खनन माफिया किसी भी प्रकार की कार्रवाई से निडर होकर बेखौफ अवैध खनन कर रहे हैं। देर रात जानकारी पर तहसीलदार के साथ पहुंचे एसडीएम सदर ने कई मशीनों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले किया है।
सतरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते शुक्रवार की देररात को अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी सदर सुशील प्रताप सिंह ने जहां जरुआ मजरे भिटौली कला गांव में अवैध तरीके से कराए जा रहे खनन के कार्यस्थल से एक डंपर व एक पोकलैंड मशीन को कब्जे में लेकर कर सीज कराया। वहीं इसी थाना क्षेत्र के ही खाले का पुरवा मजरे रामपुर जोगा गांव में अवैध खनन कार्यस्थल पर आधा दर्जन मोटर साइकिल, एक जेसीबी, तीन डंफर व एक बिना नंबर का ट्रैक्टर को हिरासत में लेकर सीज किया गया। इस दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिन पर कार्रवाई के लिए एसडीएम ने थानाध्यक्ष सतरिख को निर्देशित किया है।
एसडीएम व सतरिख पुुलिस द्वारा की गई छापेमारी में जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें अनाम गौतम, निवासी पारा रोड, राजाजीपुरम लखनऊ, विपिन कुमार साहू निवासी सलारगंज जुग्गौर थाना चिनहट तथा तेजपाल निवासी कुल्हौरा थाना औरंगाबाद जिला खीरी शामिल हैं।
अवैध खनन किए जाने की सूचना रात करीब दो बजे फोन से मिली थी। मौके पर छापेमारी की गई तो वहां पर चार डंफर, एक जेसीबी व एक पोकलैंड के साथ ही आधा दर्जन बाइकों के साथ तीन युवकों को भी हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष सतरिख समेत तहसीलदार को निर्देशित किया गया है।
सुशील प्रताप सिंह, एसडीएम सदर।