अटल के सपनों को लगेंगे पंख, नदियों के जोड़ने की योजना तैयार
महादेवा (बाराबंकी)। केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री साध्वी उमा भारती ने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए नदियों को जोड़ने की योजना बन कर तैयार हो गई है। अटल के सपनों को जल्द पंख लगेंगे। केन और बेतवा का टेंडर होने वाला है। शिलान्यास होते ही काम शुरु हो जाएगा। तीस देशों के तीस लिंक नदियों को जोड़ने के लिए बनाए गए हैं। इसमें गग्गर, शारदा, घोसी, संकोसी और घघ्घर शामिल हैं। यह विभाग अब सक्षम हाथों में नीतिन गडकरी के पास गया है।
साध्वी उमा भारती लोधेश्वर महादेवा में पूजा अर्चना के बाद पत्रकारों से बात कर रही थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुत ताकत है। आप लोग राज्य सरकार के साथ खड़े रहे। जल्द ही यह उत्तम प्रदेश बनेगा। उन्होंने कहा देश गंदगी, भ्रष्टाचार और जातिवाद में जकड़ गया था। पीएम मोदी द्वारा गांधी के सपनों को साकार करने के लिए चलाया गया सफाई अभियान अब मिशन बन चुका है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए मोदी जैसा ईमानदार नेतृत्व हमारे पास है। जातिवाद के खिलाफ लोग गरीबी और मोदी के नाम पर एक हो गए हैं। इससे साफ है कि जल्द ही गरीबी, भ्रष्टाचार और जातिवाद का खात्मा होगा। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेवा को पर्यटन स्थल घोषित किया जाए। इसे लेकर मुुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मिलेंगी। यहां उनसे लोधी समाज की ओर से बनाए जाने वाले स्थान का उद्घाटन योगी जी के हाथों होगा।
केंद्रीय मंत्री ने लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजन किया। इनसे पहले यहां पहुंचने पर क्षेत्रीय विधायक शरद अवस्थी और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर एटा के विधायक विपिन वर्मा, अनूप पांडेय, प्रभात शुक्ल, मनोज मिश्र, पूरण सिंह, लक्ष्मीचंद्र लोधी, नानमून शुक्ल समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।