बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय ओपन महिला फुटबॉल चयन ट्रायल में शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए कोहिनूर, यति यादव, अंशिका, आस्था वर्मा, अनन्या, शारा मोबीन, शाइना मोबीन, पूर्ति सिंह, अंशिका यादव, पूजा, ईशिका उपाध्याय, मनीषा मिश्रा व लक्ष्मी ने जगह बनाई। जिला फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित ट्रायल में कुल 15 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह धामी ने बताया कि चयनित खिलाड़ी कप्तान कोहिनूर की अगुवाई में 30 दिसंबर को होने वाले मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। यह ट्रायल अयोध्या मंडल की टीम के गठन के लिए आयोजित किया जाएगा। मंडलीय ट्रायल में चयनित टीम 5 जनवरी से 12 जनवरी तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाली ओपन महिला राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।