बदमाश ने मुनीम को तमंचे के बट से घायल कर उसका मोबाइल व आढ़तिए का एटीएम कार्ड भी छीन लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
रामसनेेही घाट कोतवाली क्षेत्र के कोटवा सड़क निवासी मजीद अहमद की कस्बा में ही अनाज की आढ़त है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे।
यहां दुकान का मुनीम शिव प्रसाद मिला। मजीद अंदर कमरे मे था। दुकान पर आए दोनों युवक मुनीम शिव प्रसाद से अनाज आदि के संबंध में पूछताछ कर रहे थे।
इसी बीच मजीद कमरे से बाहर आया और युवकों से पूछा की क्या पूछ रहे हो। इस पर दोनों युवकों ने तमंचा निकाल मजीद व मुनीम शिव प्रसाद के कनपटी पर सटा दिया।
एक बदमाश ने गल्ला में रखा साढ़े तेरह हजार रुपया निकाल लिया। इसके बाद मुनीम के सिर पर तमंचे के बट से मार कर उसे घायल कर दिया और मुनीम का मोबाइल छीन लिया।
दूसरे बदमाश ने मजीद का एटीएम कार्ड ले लिया और भाग निकले। पीड़ित मजीद ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल जीएल सोनकर ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।