बेखौफ चोरों ने सराफा की तीन दुकानों में शटर का ताला तोड़कर करीब बारह लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। मामले की जानकारी पर व्यापारियों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की पर किसी भी आरोपी का पता नहीं लग सका है। सराफ दुकानों में हुई चोरी से व्यापारियों में आक्रोश भी व्याप्त हो गया है।
मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के सूरतगंज कस्बे में बेल चौराहे के पास स्थित सराफा की दुकानों में बुधवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। सबसे पहले यहां पर सराफा व्यापारी अनिल कुमार की दुकान का शटर व अल्मारी तोड़कर उसमें रखे दस हजार रुपये व करीब चार लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद इसी चौराहे पर सराफ मनीष कुमार की दुकान में भी शटर का ताला तोड़कर घुसे चोर अंदर रखी अलमारी तोड़कर तीस हजार रुपये की नकदी, करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर डाले।
वहीं क्षेत्र के ही कस्बा बेलहरा में सराफ पंकज जैन की दुकान में भी चोरों ने छत पर चढ़कर खिड़की तोड़ अंदर जाने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान यहां पर ग्रामीणों के जग जाने से चोर मौके से भाग निकले जिससे दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हो सका है। बृहस्पतिवार की सुबह जब मामले की जानकारी हुई तो व्यापारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
एसओ रबींद्र सिंह, एसआई कमलेश कुमार व संतोष कुमार सिंह ने मौके पर जांच पड़ताल की लेकिन किसी भी आरोपी का पता नहीं लग सका। एसओ का कहना है कि पुलिस द्वारा अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।