बाराबंकी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र में कुवैत भेजने के नाम पर कई बेरोजगार युवकों से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में आठ लोगों से कुवैत भेजने के नाम पर 12 लाख रुपए हड़पे गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस दिल्ली के एक डॉक्टर व पिता पुत्र समेत तीन लोगों पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जुरौंडा गांव के वकील अहमद, सलमान, बहरइच के नेवाल समेत आठ लोगों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हाजी मन्नान नामक एक व्यक्ति ने क्षेत्र में लोगों के बीच प्रचारित कर रखा था कि वह लोगों का पासपोर्ट आदि बनवाकर उनकी विदेश में नौकरी लगवाता है। पीड़ितों का आरोप है कि इन लोगों ने उससे कुवैत में नौकरी पाने के लिए संपर्क किया । इसके लिए पासपोर्ट व वीजा के नाम पर उसने अपने खाते में कई बार में करीब 12 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। बीते फरवरी मह में इन लोगों का दिल्ली के न्यू फ्रेंड कॉलोनी स्थित एक केंद्र पर मेडिकल कराने के लिए भी ले जाया गया।
इस दौरान कुछ लोग मेडिकल में अनफिट हुए तो उनको फिट करवाने के नाम पर फिर से 18-18 हजार रुपए वसूले गए। इसके लिए कुछ लोगों को जेवर बेच कर पैसों का इंतजाम करना पड़ा। अब पैसा लेने व मेडिकल करने वालों का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर हाजी मन्नान, उसके पुत्र व डॉ. एपी शर्मा पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।